बायोमेट्रिक सिस्टम के विरोध में हड़ताल पर गए डॉक्टर्स, ओपीडी बाधित!
सारण (बिहार): रेफरल अस्पताल सिसवन में बायोमेट्रिक सिस्टम के विरोध समेत अन्य मांगों को लेकर सभी डॉक्टर गुरुवार को हड़ताल पर चले गए। डाक्टरों के हड़ताल पर जाने के कारण ओपीडी सेवा बाधित हो गई। इसके कारण प्रखंड के विभिन्न गाँव से रेफरल अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों को निराश होकर वापस घर लौटना पड़ा।
डॉक्टरों ने कहा कि बायोमैट्रिक अटेंडेंस बनाने में काफी परेशानी होती है। कभी-कभी मरीज देखने के बाद आपरेशन व अन्य काम की जल्दीबाजी में बायोमेट्रिक अटेंडेंस नहीं बना पाते हैं। इसके कारण बायोमेट्रिक के आधार पर वेतन काट लिया जाता है। सरकार के स्तर पर अटेंडेंस के आधार पर ही वेतन दिया जाता है। इससे काफी परेशानी होती है। अस्पताल प्रबंधन के स्तर पर डाक्टरों की बेवजह कई जगहों पर ड्यूटी लगाई जाती है। ड्यूटी की कोई समयसीमा निर्धारित नहीं होती है। हड़ताल पर गए डाक्टरों ने कहा कि जब तक हम लोगों की समस्या उच्च अधिकारी नहीं सुनेंगे तब तक हम लोग कार्य बहिष्कार करेंगे।
वही हसनपुरा स्थित सरकारी अस्पताल के डॉक्टर के हड़ताल पर चले जाने के बाद से ओपीडी सेवा गुरुवार को बाधित रही। जिसके चलते गुरुवार को दिन के 3:00 बजे तक इलाज करने वाले लोग परेशान रहे।
वही रघुनाथपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने के बाद से गुरुवार को ओपीडी सेवा बंद रही जिसके चलते लोग काफी परेशान दिखे। डॉक्टर से दिखाने को लेकर अस्पताल में लोग बैठे रहे।