जिलाधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय बैठक!
जिलाधिकारी के निदेशानुसार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 9 एवं 10 नवंबर को भी चलाया जाएगा विशेष अभियान दिवस, सभी बीएलओ डोर टू डोर जाकर छूटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु करेंगे कार्रवाई: जिलाधिकारी
सारण (बिहार): जिलाधिकारी श्री अमन समीर की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समन्वय बैठक आहुत की गई। न्यायालय से संबंधित मामलों में सभी संबंधित पदाधिकारियों को ससमय तथ्य विवरणी दायर करने का निदेश दिया गया। पैक्स निर्वाचन से संबंधित तैयारी को समयबद्ध ढंग से निष्पादित करने का निदेश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। जिला में 29 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करना शेष है, इस कार्य को उच्च प्राथमिकता देते हुए सुनिश्चित करने का निदेश सभी अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।
इस दौरान बताया गया कि मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 2, 3, 23 एवं 24 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित है। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व में अधिकांश लोग अपने गाँव/घर आते हैं। इसको देखते हुये 9 एवं 10 नवंबर को भी विशेष अभियान दिवस चलाने का निदेश दिया गया। इस दिन सभी बीएलओ डोर टू डोर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे तथा जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है उनका नाम सूची में शामिल करने हेतु कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। युवा मतदाताओं एवं महिला मतदाताओं का नाम जोड़ने हेतु विशेष पहल सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को इसका सघन पर्यवेक्षण करने का निदेश दिया गया। सभी बीएलओ एक विशेष प्रपत्र में डोर टू डोर विजिट का आंकड़ा संकलित करेंगे।
बैठक में उपविकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अन्य अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि जुड़े थे।