पैक्स चुनाव: जबरदस्त गहमा गहमी के बीच 23 प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद हेतु किया नामांकन दाखिल!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: माँझी प्रखंड में पैक्स चुनाव के मद्देनजर दूसरे दिन सोमवार को प्रखण्ड मुख्यालय परिसर में काफी चहल पहल रही तथा भारी भीड़ एवम जबरदस्त गहमा गहमी के बीच कुल 23 प्रत्याशियों ने पैक्स अध्यक्ष पद हेतु अपना नामांकन दाखिल किया। सुरक्षा के मद्देनजर बीडीओ रंजीत सिंह खुद दारोगा की भूमिका में दिख रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए कुल तेईस प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किया गया जिसमे कुल पाँच महिला प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन किया।
पैक्स चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद के लिए कौरु धौरु पंचायत से निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह तथा मिथिलेश कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, मरहा पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष लक्ष्मण यादव, सोनबरसा पैक्स से मुखियापति व निवर्तमान अध्यक्ष राजू यादव, बंगरा पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष मकेश्वर सिंह तथा उमेश सिंह, मुबारकपुर पैक्स से विजय शंकर तिवारी, मदनसाठ पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, भलुआ बुजुर्ग पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष सह मुखिया दीपक मिश्रा, चेफुल पैक्स से संत कुमार सिंह, ताजपुर पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह तथा पूर्व मुखिया विजय सिंह, डुमरी पैक्स से डुली देवी तथा निवर्तमान अध्यक्ष मिन्टू यादव एवम सचिन ओझा, नसीरा पैक्स से सुशील यादव उर्फ भुअर यादव तथा गोबरही पैक्स से मंजू देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। महम्मदपुर, बलेसरा तथा माँझी पूर्वी पंचायत से आज भी नामांकन शुन्य रहा।
मालूम हो कि प्रत्याशियों की सुविधा के लिए प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक अलग हेल्पडेस्क काउंटर बनाया गया है। प्रत्याशियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए हेल्पडेस्क काउंटर पर कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बीडीओ रंजीत सिंह ने बताया कि 20,21 तथा 22 नवम्बर को नामांकन पत्र की समीक्षा की जाएगी जबकि नाम वापसी की तिथि 23 नवम्बर को निर्धारित की गई है।