नही रहे टेघड़ा के समाजसेवी शालिग्राम सिंह, शिमला के आईजी जयप्रकाश सिंह ने पिता को दी मुखाग्नि।
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी प्रखंड के टेघडा गाँव निवासी एवम हिमाचल प्रदेश पुलिस के शिमला में पदस्थापित आईजी जय प्रकाश सिंह के पिता तथा प्रसिद्ध समाजसेवी शालिग्राम सिंह (85 वर्ष) का शुक्रवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर पाकर पूरे गाँव में मातम पसर गया तथा परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
शनिवार को माँझी के ड्यूमाइगढ घाट पर सरयु नदी के किनारे श्री सिंह का दाह संस्कार सम्पन्न हो गया। मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र एवम आईजी जय प्रकाश सिंह ने दी। इससे पहले शिमला से अपने पैतृक आवास टेघडा पहुँचे आईजी जय प्रकाश सिंह अपने पिता को देखते ही शव से लिपट कर फफक कर रोने लगे, जिससे वहाँ का माहौल गमगीन हो गया।
बाद में निकली शवयात्रा में पूर्व मंत्री गौतम सिंह, पूर्व उप प्रमुख रामकृष्ण सिंह, पूर्व मुखिया विजय सिंह, पूर्व जिला पार्षद नीरज सिंह, भाजपा नेता प्रो शिवाजी सिंह, गौरव किशन, अभय नारायण सिंह, डॉ बिनोद सिंह, डॉ अमित तिवारी तथा शिक्षक एवम कवि बिजेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण आदि शामिल हुए। शवयात्रा में माँझी के थानाध्यक्ष अमित कुमार दलबल के साथ मौजूद रहे।