क्षेत्र दिवस: किसानों को मिली सही उर्वरक उपयोग की जानकारी!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: माँझी प्रखंड के कौरु धौरु पंचायत के पैक्स गोदाम परिसर में मंगलवार को इफको छपरा द्वारा क्षेत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान क्षेत्र पदाधिकारी छपरा सचिन प्रताप सिंह ने किसानो को सम्बोधित करते हुए बताया कि नैनो DAP का बेहतर प्रदर्शन है। यहां स्थानीय किसान नितेश कुमार सिंह के खेत में लगाया गया है, जिस पर सभी वैज्ञानिक और किसानों ने भ्रमण किया और संतोषजनक पाया।
वहीं कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी, सारण के उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने विभिन्न फसलों में एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, ड्रोन का खेती में उपयोग एवं महत्व, सूक्ष्म सिंचाई पद्धति, कृषि विज्ञान केन्द्र में चल रही विभिन्न योजनाओं जैसे प्राकृतिक खेती, जलवायु के अनुकूल कृषि कार्यक्रम, सामूहिक अग्रिम पंक्ति प्रतिक्षण आदि के विषय में किसानों को विस्तार से बताया। उप-माहाप्रबंधक इफको पटना वाई. पी. सिंह ने किसानों को नैनो यूरिया प्लस एवम नैनो DAP तथा अन्य उत्पाद के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रासायनिक उर्वरकों का उपयोग किसान भाई ना के बराबर करें। उन्होंने कहा कि खेतों में ज्यादातर नैनो उर्वरक का उपयोग करें। साथ ही किसानों के खेत मे ड्रोन से नैनो यूरिया तथा नैनो DAP का छिड़काव भी किया गया। इसके साथ ही किसान भाई जैव उर्वरक का भी उपयोग करें। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार सिंह द्वारा की गयी। इस कार्यक्रम में राजू कुमार, बिट्टू कुमार, अशोक कुमार रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।