कृषक वैज्ञानिक वार्तालाप में मिली विभिन्न योजनाओं की जानकारी!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: कृषक स्वर्ण समृद्धि सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को माँझी कृषि विज्ञान केन्द्र के सभागार में कृषक वैज्ञानिक वार्तालाप का एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सारण ज़िले के प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ संजय कुमार राय द्वारा किया गया।
इस दौरान डॉक्टर राय द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र में चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों के समक्ष विस्तृत चर्चा की गयी तथा उनके द्वारा रबी में प्रयुक्त होने वाली सब्ज़ियों की जानकारी दी गई। उद्यान विशेषज्ञ डॉक्टर जितेन्द्र चन्द्र चंदोला द्वारा प्राकृतिक खेती पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। उनके द्वारा बताया गया कि प्राकृतिक खेती आधुनिक खेती की एक मूलभूत इकाई है, जिसके द्वारा मिट्टी को दोबारा संरक्षित किया जा सकता हैं। डॉक्टर सुषमा टम्टा विषय वस्तु विशेषज्ञ कृषि अभियंत्रण ने जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम की विभिन्न तकनीकों के बारे में किसानों को अवगत कराया तथा वर्तमान समय में कृषि मशीनीकरण की माँग पर भी प्रकाश डाला।उन्होंने ज़ीरो टिलेज,लेज़र लैंड लेवल तथा हैप्पी सेंटर मशीनों की विस्तृत चर्चा की।
डॉक्टर जीर विनायक पौधा संरक्षण विशेष ने टमाटर में लगने वाले रोगों एवं इलाज के विषय में किसानों को जागरूक किया। डॉक्टर विजय कुमार ने मिट्टी के नमुना के विषय में किसानों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मिट्टी की जाँच कितनी महत्वपूर्ण है तथा आर्गेनिक कार्बन के विषय में विस्तार से चर्चा की। वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र में सितम्बर माह में चलाए जाने वाले अन्य कार्यक्रमों जैसे स्वच्छता पखवाड़ा, हिन्दी पखवाड़ा एवं पोषण माह के विषय में भी किसानों को अवगत कराया।
उक्त कार्यक्रम में सभी किसानों ने वैज्ञानिकों से वार्तालाप की तथा अपना सुझाव साझा किया। इस कार्यक्रम में लगभग 60 किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ.चैतन्या, अमित कुमार, रामा रंजन, राकेश कुमार, उमाशंकर, अवनीश पाण्डेय ने भी अपना सहयोग दिया।