स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने किए महत्वपूर्ण घोषणाएं!
पटना (बिहार): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया एवं प्रदेशवासियों को संबोधित किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने अपने भाषण में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कानून-व्यवस्था, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों के निर्माण से संबंधित योजनाओं का उल्लेख किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से उनके कार्यकाल में राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है। पुलिस बल की संख्या में काफी वृद्धि हुई है, जो अब 2 लाख 27 हजार तक पहुंच जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि 117,000 नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी।
रोजगार के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साल के भीतर 10 लाख नए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे, जिससे कुल संख्या 34 लाख हो जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 10 लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं और 2 लाख पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 2005 के बाद से राज्य में स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या में वृद्धि हुई है और डॉक्टरों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। दवाओं की उपलब्धता में भी सुधार हुआ है, और राज्य में कई नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बनाए गए हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में, उन्होंने कहा कि पहले शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई में समस्याएं थीं, लेकिन अब शिक्षकों की बहाली हो रही है और स्कूलों के लिए नए भवनों का निर्माण किया जा रहा हैं। लड़कियों के लिए साइकिल योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 12वीं पास करने पर अब उन्हें 25,000 रुपये दिए जाएंगे।
सड़कों के निर्माण के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़कों और पुलों का व्यापक निर्माण हो रहा है। उन्होंने जेपी गंगा पथ के विस्तार की योजना की भी घोषणा की, जो आरा और मोकामा तक फैली होगी। मुख्यमंत्री ने इन सभी योजनाओं और उपलब्धियों को बिहार के विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया।