भैंस चोरी करने आए बदमाशों ने महिला को मारी गोली, घटनास्थल पर ही मौत!

///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): जिले के पहलेजा थाना क्षेत्र छितरचक गांव विगत रात भैंस चोरी करने आए अज्ञात अपराधियों ने एक महिला की गोली मार कर हत्या कर दी है। मृत महिला की पहचान छितरचक गांव निवासी अमोद राय की 40 वर्षीय पत्नी सुनैना देवी के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में पीड़ित परिजनों बताया कि शुक्रवार की रात आधा दर्जन से अधिक की संख्या में अज्ञात अपराधी दरवाजे पर बंधी भैंस की चोरी कर रहे थे। तभी छत पर सोई सुनैना देवी की नींद खुल गयी और वह चोरों का विरोध करने लगी। इस दौरान महिला ने बदमाशों से एक बदमाश को पहचान लिया और कहा कि मैनें तुमको पहचान लिया है। सुबह सबको बता दूंगी। तभी बदमाशों ने महिला को गोली मार दी और एक भैंस लेकर फरार हो गए। गोली लगने के बाद महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंची पहलेजा थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं इस मामले में पहलेजा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।