महंगाई भत्ता 4% बढ़ा! कैबिनेट बैठक में लगी 108 एजेंडों पर मुहर!
///जगत दर्शन न्यूज
पटना (बिहार): लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले शुक्रवार को मुख्य सचिवालय में चल रही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक खत्म हो गई। जानकारी के अनुसार आज के कैबिनेट की बैठक में कुल 108 एजेंडों पर मुहर लगी है। नीतीश कैबिनेट ने विभिन्न विभागों से जुड़े 108 प्रस्तावों पर अपनी स्वीकृति दे दी है।
राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 प्रतिशत बढ़ा!
इसमें से सबसे प्रमुख है कि नीतीश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्यकर्मियों का डीए चार फीसदी बढ़ा दिया है। इसमें बिहार सरकार के कर्मचारियों और सरकारी पेंशन भोगियों को बढ़ती महंगाई से राहत देते हुए 4 फीसदी डीए में इजाफा किए जाने का फैसला लिया गया। बिहार में साढ़े तीन लाख सरकारी सेवक और इतने ही पेंशनधारी है। इस बढ़ोतरी के साथ ही डीए 46 से बढ़कर 50 फीसदी हो गया है।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा। कैबिनेट की बैठक में राजगीर में एयरपोर्ट बनाए जाने पर मुहर लगी है। साथ ही भागलपुर एयरपोर्ट का जीर्णोद्धार होगा। राज्य सरकार इस फिर से बनाएगी। इसके साथ ही पटना के मोइनुल हक स्टेडियम को बीसीसीआई को दीर्घकालीन समय के लिए लीज पर दिया जाएगा। बिहार के मुख्य शहर के पास राज्य टाउनशिप बनाया जाएगा। इस वित्तीय वर्ष में नीतीश कैबिनेट की यह अंतिम बैठक है। 31 मार्च तो वित्तीय वर्ष 2024-25 खत्म हो रहा है। कल लोकसभा चुनाव तिथि का ऐलान हो सकता है। जिसके बाद देश में आदर्श अचार संहिता लागू हो जाएगी। इससे पहले फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह में कैबिनेट की बैठक हुई थी।