अनियंत्रित ट्रेक्टर आरा मशीन में घुसा। एक मजदूर का दब कर मौत!
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव के समीप एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर आरा मशीन में जा समाई, जिसके बाद उसका ट्राली पलट गया और वहीं दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर पर सवार एक युवा भी घायल हो गया।
मृतक मजदूर सिसवन थाना क्षेत्र के इशोपुर गांव निवासी विश्वनाथ राम है, जबकि घायल ट्रैक्टर पर सवार युवक संठी गांव का विकास कुमार बताया गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़ कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतक विश्वनाथ राम ग्यासपुर गांव स्थित एक आरा मशीन पर मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को अपने घर से मजदूरी के लिए आरा मशीन पर गया हुआ था। कार्य पूरा करने के बाद वह अपने घर के लिए निकल रहा था, तभी ताजपुर की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर आरा मशीन में जा समाई जिसके ट्राली पलट जाने से उसमें मजदूर दब गया। घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। काफी कोशिश के बाद स्थानीय लोगों ने ट्राली से मजदूर को बाहर निकाल और इलाज के लिए सिसवन के रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सिसवन पुलिस तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंच कर, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया। मजदूर की मौत के बाद उसकी पत्नी शिवकली देवी और परिवारजनों का रो रो कर बुरा हाल है।