छठ घाट की सफाई करने गया किशोर सरयू नदी में डूबा! क्षेत्र में मचा कोहराम!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड क्षेत्र के जई छपरा घाट पर उस समय अफरा मच गई जब छठ घाट की सफाई करने गया जैंतिया पाण्डेय टोला का एक किशोर सरयु नदी में डूब गया। किशोर के डूबने की खबर पाकर घाट पर बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। घाट पर पहुँचे परिजनों के रुदन क्रन्दन से छठ पर्व का सारा उत्साह व उल्लास मातम में तब्दील हो गया है।
मृतक की माता प्रीति पाण्डेय सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। सरयु नदी में डूबे किशोर की पहचान मटियार पँचायत के वार्ड 7 के सदस्य व जैंतिया पाण्डेय टोला निवासी सुशील कुमार पाण्डेय उर्फ नितेश पाण्डेय के पुत्र श्रेयांस पाण्डेय 13 वर्ष के रूप में की गई हैं। मृतक छपरा शहर के एक निजी विद्यालय के छठी कक्षा का छात्र था जबकि मृतक के पिता ताजपुर बाजार पर कपड़े की दुकान संचालित करते हैं।
घाट पर माँझी के सीओ धनंजय कुमार , थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास, के अलावा मुखिया प्रतिनिधि सुमन प्रसाद, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि जय प्रकाश महतो, पूर्व जिप सदस्य सुधाकर मिश्र तथा सोहन सिंह एवम बीरेश चौबे अधिवक्ता की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम द्वारा मोटर बोट से शव की खोजबीन की जा रही है। घाट पर बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण आदि भी मौजूद हैं।