सारण: लिव इन रिलेशन में रहने वाले किन्नर की हत्या या आत्महत्या? शव बरामद!

सारण (बिहार) : शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के काशी बाजार से एक किन्नर का शव बरामद हुआ है। वहीं खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव किन्नर के एक किराए के मकान से बरामद किया गया है। किन्नर की पहचान पायल किन्नर के रूप में हुई है। उसके साथी किन्नरों के गुट ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
मूलरूप से छपरा का ही था निवासी!जानकारी के अनुसार वह मूल रूप से छपरा के ही भरत मिलाप चौक का रहने वाला था, लेकिन अपने परिवार से अलग किन्नर गुट में रहकर अपना जीवन यापन करता था। शव मिलने के साथ ही आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है परंतु गले पर गहरे निशान को देखकर गला दबाकर हत्या किए जाने का आशंका जाहिर की जा रही है।
परिजनों ने क्या बताया?: मृतक पायल किन्नर उर्फ अर्जुन के परिजनों ने बताया कि वह कई वर्षों से परिवार से अलग किराए से रहता था। इस दौरान वह एक लड़के के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था। उसे अपनी कमाई का पूरा हिस्सा भी दे दिया करता था। शुक्रवार की देर रात से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। पायल के दोस्तों द्वारा इसकी जनाकारी परिजनों को दी गई। परिजन ख़ोजबीन के लिए उसके किराए वाले मकान पर पहुंचे तो देखा कि उसका शव कमरे में पड़ा है। पुलिस को सूचना देते हुए पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने क्या कहा?: भगवान बाजार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के काशी बाजार से एक किन्नर का शव बरामद किया गया है। उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। शव मिलने के मामले में पुलिस द्वारा यूडी केस दर्ज किया गया है।