सारण: अग्निदेव का आज भी देखने को मिला कहर! दो सौ से अधिक गेंहू के बोझे जलकर राख!
सारण में अग्निदेव का कहर!
रोज कहीं न कही हो रही है आगलगी!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के नसीरा टोला घरारी में खेत में काटकर रखे गए गेंहूँ के बोझे में गुरुवार को अचानक आग लग गई, जिसमें नरेंद्र कुमार सिंह के करीब एक बीघे व अमेरिका यादव के करीब सात कट्ठा के गेंहूँ के दो सौ से अधिक गेंहूँ के बोझे जलकर राख हो गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नसीरा निवासी नरेंद्र कुमार सिंह व नसीरा टोला घरारी निवासी अमेरिका यादव के खेत में दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई, जिसके बाद गेंहूँ के काटकर छोड़े गए बोझे धूं-धुंकर जलने लगे। खेत में कटनी कर रहे मजदूरों के द्वारा शोर मचाये जाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। तेज पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैल रही थी। जिसके कारण काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। ग्रामीणों के द्वारा काफी मशक्कत के बाद चापाकल व पम्पिंग सेट की सहायता से आग पर काबू पाया गया। तब तक काटकर ढोने के लिए छोड़े गए सभी गेंहूँ के बोझे जलकर राख हो चुके थे। ग्रामीणों की तत्परता से बगल के खेत में रखे गए दर्जनों बोझे जलने से बच गए। अगर उसमें आग पकड़ती तो पास के मकान तक उसकी लपटें पहुंच जाती, जिससे जान-माल को भी क्षति हो सकती थी।
नरेंद्र कुमार सिंह के भाई हरेंद्र सिंह एवं अमेरिका यादव ने बताया कि गेंहूँ के बोझे जलने से उन्हें काफी आर्थिक क्षति पहुंची है। आगलगी की घटना की जानकारी स्थानीय राजस्व कर्मचारी को दे दी गई है।