"बिहार में किसानों की समस्याओं पर हो पहल" कमल नयन पाठक
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष कमल नयन पाठक ने जिला पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को लिखा पत्र
छपरा (बिहार) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सारण जिला के अध्यक्ष कमल नयन पाठक ने जिलाधिकारी सारण के द्वारा महामहिम राज्यपाल बिहार को बिहार के किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए उन्होंने इस पर पहल करने की मांग की। अपने पत्र में कमल नयन पाठक ने लिखा है कि अनेक राज्यों की सरकारों ने छोटे एवं मझोले किसानों के द्वारा खेती बारी करने के लिए सभी तरह के कृषि ऋण को माफ कर दिया, लेकिन बिहार की सरकार ने अभी तक यहां के किसानों का कर्ज माफ नहीं किया है, जिसके कारण बिहार के किसान सरकारी कर्ज के अलावा महाजनों के द्वारा दिए गए कर्ज के बोझ तले दबे जा रहे हैं। किसानों की कुछ जायज मांगे और भी है जो निम्नलिखित है। बिहार के किसानों को मुफ्त बिजली पानी की व्यवस्था भी लागू होनी चाहिए। बिहार के किसानों को फसल बुवाई के समय उचित मूल्य पर पर्याप्त रासायनिक उर्वरक की व्यवस्था की जाए। सभी जाति एवं धर्म के किसानों के बच्चों के लिए देश के प्रतिष्ठित मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों में नामांकन के लिए 20% आरक्षण की व्यवस्था हो। किसानों को 2500000 तक मुफ्त बीमा सरकारी स्तर पर हो, ताकि किसानों के आकस्मिक निधन पर उनके परिजनों को उक्त राशि सहायता के रूप में प्राप्त हो सके। किसानों द्वारा उत्पादित फसलों को सरकारी दर पर खरीद की समुचित व्यवस्था की जाए। पुनः उन्होंने विनती किया है कि किसानों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने के लिए बिहार सरकार पर आपके स्तर पर दबाव बनाया जाए ताकि बिहार के किसानों की माली हालत सुधार हो सके।