कार व जीप के टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल
मांझी (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जयप्रभा सेतु पर कार व जीप में आमने-सामने हुई टक्कर में चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। वहीं दोनों वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए मांझी पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों के द्वारा गम्भीर स्थिति को देखते हए सभी घायलों को सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। घायलों में मांझी गढ़ बाजार निवासी सुग्गा महतो और मेघनाथ महतो तथा हाजीपुर के लगनदेव महतो व बाली राय शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी के ठेका बिनटोलिया गांव में छेंका चढ़ा कर एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार लोग वापस हाजीपुर लौट रहे थे। वहीं मांझी के गढ़ बाजार निवासी सीताराम महतो के चौथे पुत्र विजय महतो के परिछावन के बाद एक जीप बारातियों को लेकर यूपी के सहतवार जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण जयप्रभा सेतु पर टक्कर हो गई। जिसमें दोनों तरफ के दो-दो लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं हाजीपुर लौटने वाली स्विफ्ट डिजायर कार में सवार दोनों बच्चे सुधीर कुमार व रणधीर कुमार बाल-बाल बच गए।