रिजर्व मतदान कर्मियों का हंगामा
मांझी(संवाददाता वीरेश सिंह): छपरा जिले के माँझी प्रखंड क्षेत्र में पंचायत चुनाव में मतदान के दिन बुधवार को प्रखंड कार्यालय पर रिजर्व में रखे गए मतदानकर्मियों के रूप में शिक्षकों ने प्रखंड के द्वारा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए हंगामा किया। हंगामा कर रहे मतदान कर्मी प्रखंड कार्यालय पर सुविधा रहित लचर व्यवस्था का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि प्रखंड मुख्यालय पर उन्हें तीन दिन से बैठा कर रखा गया था। जहाँ उन्हें रखा गया था वहां मूलभूत सुविधाये भी उपलब्ध नही कराई गई थी। वहां न पीने का पानी, न ही शौचालय और न ही बैठने का कोई उपयुक्त व्यवस्था। मतदान कर्मियों ने बताया कि उन्हें भोजन की व्यवस्था भी खुद ही करनी पड़ी। उनका आरोप था कि प्रखंड विकास पदाधिकारी से उनके रिजर्व में होने का पत्र माँगा गया तो उन्हें उपलब्ध नही कराया गया। नाराज कर्मियों ने बीडीओ और उनके कर्मचारियों पर डाँट डपट करने का भी आरोप लगाया गया। इस मामले में प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी से पूछे जाने पर उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि रिजर्व मे रखे गए मतदानकर्मियों की कभी भी आवश्यकता पड़ सकती है। इस कारण प्रखंड में मतदान होने तक सुबह से शाम पांच बजे तक उन्हें हर हाल में रखा ही जाता है।