किशोरियों की सुरक्षा और अधिकारों की पाठशाला चलाएंगी सारण की शिक्षिका सुभद्रा भवानी
- बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में किया प्रशिक्षित,
- जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों के शिक्षकों को देंगी प्रशिक्षण; स्वास्थ्य,
- सुरक्षा और अधिकारों के प्रति छात्राओं को करेंगी जागरूक
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाली किशोरियों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने विशेष पहल की है। इसके तहत सारण जिले के तरैया स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, परौना बालक की शिक्षिका सुभद्रा भवानी को राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। अब वह जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित कर किशोरियों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इस संबंध में 29 अक्टूबर को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद एवं राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से यूनिसेफ के सहयोग से किशोरावस्था कार्यक्रम के तहत यह प्रशिक्षण दिया गया। माध्यमिक स्तर की छात्राओं को केंद्र में रखकर तैयार इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानूनी एवं सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सुभद्रा भवानी सारण जिले में मास्टर ट्रेनर की जिम्मेदारी निभाएंगी। उनके माध्यम से जिले के विभिन्न सरकारी उच्च विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें एक महिला और एक पुरुष शिक्षक शामिल होंगे। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यालयों में छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, जिज्ञासाओं और जरूरतों को समझने के साथ उन्हें उचित मार्गदर्शन देंगे।
इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य किशोरियों के लिए ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। साथ ही उनमें आत्मविश्वास विकसित हो, वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और किसी भी तरह की असुरक्षा अथवा भेदभाव की स्थिति में अपने अधिकारों को समझते हुए उचित कदम उठा सकें। शिक्षिका सुभद्रा भवानी का राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में चयन तरैया सहित सारण जिले के लिए गौरव की उपलब्धि मानी जा रही है। उनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से जिले के विद्यालयों में किशोरियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े विषयों पर जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उनकी इस उपलब्धि पर सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार पांडेय सहित शिक्षक मनोज कुमार सिंह, विकास पासवान, रवि रंजन, श्यामकेश यादव, अनूप कुमार, अनुज कुमार, वजीर अहमद, सरिता कुमारी, मनीष कुमार सिंह, आदित्य कुमार, संजय गिरी, सीमा, स्वीटी कुमारी, महिमा एवं अजीत समेत समस्त विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके प्रशिक्षण और प्रयासों से किशोरियों को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

