छठ महापर्व को लेकर सिसवन में प्रशासन अलर्ट, बीडीओ ने विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण
साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
सिवान (बिहार): छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन की स्थिति का आकलन किया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। घाटों पर गंदगी न रहे, इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाने और साफ-सफाई की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर गोताखोर, नाव, पुलिस बल और चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी बात कही गई।
प्रशासन की ओर से निर्देश दिया गया कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

