छठ पर रेलवे की बड़ी राहत: लखनऊ-बरौनी और दिल्ली-दरभंगा के बीच चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें
मशरक, मढ़ौरा, खैरा, दिघवारा, छपरा और सोनपुर समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव; यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने जारी की समय-सारिणी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने दो विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें लखनऊ जंक्शन-बरौनी-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन तथा नई दिल्ली-दरभंगा आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन शामिल हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर सारण जिले के मशरक, मढ़ौरा, खैरा, दिघवारा, छपरा और सोनपुर के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
लखनऊ-बरौनी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
रेलवे की ओर से गाड़ी संख्या 05022 लखनऊ जंक्शन-बरौनी अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन 12 नवंबर 2026 को लखनऊ जंक्शन से चलाई गई। यह ट्रेन शाम 5:45 बजे लखनऊ से प्रस्थान कर निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन दोपहर 12:50 बजे बरौनी पहुंचेगी।
इस ट्रेन का प्रमुख स्टेशनों पर समय इस प्रकार है:
गोरखपुर रात 12:35 बजे, कप्तानगंज रात 1:45 बजे, पडरौना रात 2:32 बजे, थावे सुबह 4:25 बजे, गोपालगंज सुबह 4:35 बजे, मशरक सुबह 5:58 बजे, मढ़ौरा सुबह 6:24 बजे, खैरा सुबह 6:48 बजे, दिघवारा सुबह 8:02 बजे, सोनपुर सुबह 8:40 बजे, हाजीपुर सुबह 8:55 बजे, मुजफ्फरपुर सुबह 9:50 बजे, समस्तीपुर सुबह 10:55 बजे और दलसिंह सराय सुबह 11:22 बजे।
वापसी में गाड़ी संख्या 05021 बरौनी-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन 13 नवंबर 2026 को बरौनी से दोपहर 3 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:55 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में ट्रेन दिघवारा शाम 6:47 बजे, खैरा शाम 7:59 बजे, मढ़ौरा रात 8:28 बजे, मशरक रात 8:54 बजे, गोपालगंज रात 10:10 बजे, थावे रात 10:55 बजे, पडरौना अगले दिन रात 12:08 बजे और गोरखपुर रात 2:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित ठहरावों से होते हुए लखनऊ पहुंचेगी।
इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं कुर्सीयान के 12 कोच तथा जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच सहित कुल 14 कोच लगाए जाएंगे।
नई दिल्ली-दरभंगा आरक्षित स्पेशल ट्रेन
छठ के अवसर पर रेलवे ने गाड़ी संख्या 04080 नई दिल्ली-दरभंगा आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन भी 12 नवंबर 2026 को एकल यात्रा के लिए किया है। यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 10:30 बजे प्रस्थान कर निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन रात 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
इस ट्रेन का प्रमुख स्टेशनों पर समय इस प्रकार है:
गाजियाबाद रात 11:05 बजे, अलीगढ़ अगले दिन रात 1:22 बजे, कानपुर सेंट्रल सुबह 6:30 बजे, प्रयागराज जंक्शन सुबह 11:40 बजे, वाराणसी जंक्शन दोपहर 2:20 बजे, गाजीपुर सिटी शाम 4:05 बजे, बलिया शाम 5:02 बजे, सुरेमनपुर शाम 5:39 बजे, छपरा शाम 7:05 बजे, सोनपुर रात 8:30 बजे, हाजीपुर रात 8:45 बजे, मुजफ्फरपुर रात 9:50 बजे, समस्तीपुर रात 11:40 बजे और लहेरियासराय तीसरे दिन रात 12:35 बजे पहुंचेगी।
इस ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 10, शयनयान श्रेणी के पांच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, एलएसएलआरडी का एक तथा जनरेटर सह लगेज यान का एक कोच सहित कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार की ओर से जारी की गई है।

