सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव को प्रमोशन, अब मिलेगा अपर सचिव स्तर का वेतनमान
- बिहार सरकार ने 10 आईएएस अधिकारियों को दी पदोन्नति
- नौ जिलों के जिलाधिकारी शामिल
- एक जनवरी 2027 से लागू होगा नया वेतनमान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को बिहार सरकार की ओर से पदोन्नति का लाभ मिला है। उन्हें अपर सचिव स्तर के ग्रेड में प्रोन्नत किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत डीएम वैभव श्रीवास्तव को एक जनवरी 2027 से अपर सचिव स्तर का वेतनमान मिलेगा।
वैभव श्रीवास्तव 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनके साथ बिहार के आठ अन्य जिलों के जिलाधिकारियों को भी अपर सचिव स्तर के ग्रेड में पदोन्नति दी गई है। इनमें कटिहार के डीएम आशुतोष द्विवेदी, शिवहर की डीएम प्रतिभा रानी, अररिया के डीएम विनोद दूहन, मधेपुरा के डीएम अभिषेक रंजन, शेखपुरा के डीएम शेखर आनंद, अरवल की डीएम अमृता बैंस, बक्सर की डीएम साहिला और मुंगेर के डीएम निखिल धनराज निप्पणीकर शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन सिंह को भी इसी ग्रेड में पदोन्नति मिली है।
वेतनमान 78,800 से 2,09,200 रुपये तक
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को एक जनवरी 2027 के प्रभाव से वेतन मैट्रिक्स के लेवल-12 का लाभ मिलेगा। इसके तहत वेतनमान 78,800 रुपये से लेकर 2,09,200 रुपये तक निर्धारित है। यह पदोन्नति निर्धारित सेवा अवधि के आधार पर टाइम बाउंड प्रमोशन के तहत दी गई है।
पहले भी 34 आईएएस अधिकारियों को मिली थी पदोन्नति
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने दो दिन पहले 2014 बैच के 34 आईएएस अधिकारियों को भी पदोन्नति दी थी। इनमें दो वरिष्ठ अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव स्तर के ग्रेड में प्रोन्नति मिली थी। पटना के नगर आयुक्त समेत कई अन्य अधिकारियों को भी पदोन्नति का लाभ मिला था।
डीएम के रूप में जिम्मेदारी रहेगी बरकरार
सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को मिली यह पदोन्नति जिले के प्रशासनिक महकमे के लिहाज से महत्वपूर्ण है। हालांकि, इस पदोन्नति से उनके वर्तमान पदस्थापन में बदलाव का कोई संकेत नहीं है। जिलाधिकारी के रूप में उनकी तैनाती और प्रशासनिक जिम्मेदारियां अलग से कोई आदेश जारी होने तक यथावत रहेंगी। यानी पदोन्नति के बावजूद फिलहाल वे सारण के जिलाधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

