छठ की आस्था को पर्दे पर जीवंत कर रहीं ऋषिका सिंह चंदेल, डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘छठ हमारा गर्व’ और गीत ‘मांगिला इहे वरदान’ रिलीज
बिहार की बेटी ऋषिका सिंह चंदेल ने अभिनय के जरिए छठ महापर्व की संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था को दिया खास स्वरूप
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार की बेटी और अभिनेत्री ऋषिका सिंह चंदेल एक बार फिर अपनी प्रतिभा और अभिनय को लेकर चर्चा में हैं। छठ महापर्व की महिमा, आस्था और गौरवशाली परंपरा को समर्पित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘छठ हमारा गर्व’ रिलीज हो चुकी है। इसमें ऋषिका सिंह चंदेल ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म के माध्यम से उन्होंने छठ महापर्व से जुड़ी भावनाओं, श्रद्धा और सांस्कृतिक विरासत को पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास किया है।
इसी प्रोजेक्ट से जुड़ा छठ गीत ‘मांगिला इहे वरदान’ भी रिलीज हो चुका है। इस गीत में छठी मैया के प्रति भक्तों की अटूट आस्था और मनोकामनाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। गीत को सागर सरगम म्यूजिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है।
ऋषिका सिंह चंदेल के लिए यह प्रोजेक्ट खास है, क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें अपनी जन्मभूमि बिहार की संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़कर काम करने का अवसर मिला है।
डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण स्ट्राइक फिल्म प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया गया है। इसके निर्माता सागर श्रीवास्तव हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी पूजा जांगिड़ ने संभाली है। फिल्म में ऋषिका सिंह चंदेल के साथ तिश्या श्री भी अभिनेत्री के रूप में नजर आ रही हैं।
फिल्म की शूटिंग बिहार के औरंगाबाद स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले देव सूर्य मंदिर में की गई है। सूर्य उपासना के लिए प्रसिद्ध इस मंदिर की पृष्ठभूमि में फिल्म छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाने का प्रयास करती है।
ऋषिका सिंह चंदेल के लिए यह सिर्फ एक फिल्म और गीत नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, संस्कृति और छठ महापर्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का खास माध्यम है। उनकी यह प्रस्तुति बिहार की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की एक खूबसूरत कोशिश है।

