सारण शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां पूरी, आज मतदान दल होंगे रवाना
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने तैयारियों का लिया जायजा, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और मतगणना केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के कार्यों की समीक्षा कर सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। गुरुवार, 22 अक्टूबर को मतदान कर्मियों की ब्रीफिंग और अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल सुरक्षा बलों के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान दलों का पार्टी मिलान और ब्रीफिंग प्रेक्षागृह में आयोजित की जाएगी। इसमें मतदान कर्मियों के साथ पुलिस बल, माइक्रो ऑब्जर्वर, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल के अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान मतदान कर्मियों को तीसरा और अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद मतदान दल जिला कोषागार से मतदान सामग्री, बैलेट पेपर और मतपेटिकाएं प्राप्त करेंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षा बलों के साथ अपने आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित कोषांगों को आपसी समन्वय बनाकर मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पांच जिलों से पहुंचेंगे मतदान अधिकारी
तैयारियों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रेक्षागृह, गर्ल्स स्कूल में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र, मतपेटिका संग्रहण स्थल, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रेक्षागृह में पार्टी नंबर के अनुसार सीट प्लान तैयार करने और कुर्सियों पर संबंधित स्टिकर लगाने का निर्देश दिया, ताकि मतदान कर्मियों को अपनी जगह पहचानने में परेशानी न हो।
रिसीविंग सेंटर पर अलग-अलग जिलों के लिए बनाए जा रहे प्राप्ति काउंटरों पर स्पष्ट साइनेज लगाने, अधिकारियों के बैठने और काम करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने तथा अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके साथ ही अलग हेल्प डेस्क बनाने और परिसर में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पांच जिलों के मतदान अधिकारी यहां पहुंचेंगे। ऐसे में उनके लिए पेयजल, वाशरूम, चाय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। दूर से आने वाले अधिकारियों को रात में ठहरने की जरूरत पड़ने पर उनके लिए भी समुचित इंतजाम रखने को कहा गया।
स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और मतगणना व्यवस्था की समीक्षा
जिलाधिकारी ने मतगणना हॉल, अधिकारियों और कर्मियों के प्रवेश मार्ग तथा अभिकर्ताओं के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रेक्षक, निर्वाची पदाधिकारी और पांचों जिलों के जिलाधिकारियों सह सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की भी समीक्षा की।
स्ट्रॉन्ग रूम में बिजली आपूर्ति काटने की व्यवस्था, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, रिले केंद्र और नियंत्रण कक्ष के निर्माण की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बैठने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने मतदान दलों के वाहनों को प्रवेश द्वार पर उतारने के बाद राजेंद्र स्टेडियम में पार्किंग कराने को कहा। स्टेशनरी, कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों सहित सभी जरूरी संसाधनों को सुचारु रूप से कार्यशील रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी रोशन कुमार, डीडीसी लक्ष्मण तिवारी, एडीएम मुकेश कुमार, प्रमोद कुमार पांडेय, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार राय, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, डीपीआरओ नीना झा सहित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

