सारण में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, रांची से बरामद हुए 134 मोबाइल, तीन गिरफ्तार
आरोपियों की निशानदेही पर जेवरात, बाइक और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त
छपरा, 22 अक्टूबर 2026
सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत सहाजितपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 134 मोबाइल फोन, चांदी और पीतल के 114 आभूषण, एक मोटरसाइकिल तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को दुकानदार अपनी मोबाइल दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटा हुआ मिला और दुकान से मोबाइल गायब थे। इस संबंध में 16 अक्टूबर को सहाजितपुर थाना कांड संख्या 259/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 में प्राथमिकी दर्ज की गई।
विशेष टीम ने रांची में की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, एकमा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए झारखंड की राजधानी रांची से 132 मोबाइल फोन बरामद किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य मोबाइल फोन, चांदी और पीतल के 114 आभूषण, एक मोटरसाइकिल, एक ग्राइंडर मशीन, एक प्लास, एक पेचकस, 13 ग्राइंडर ब्लेड, दो ग्राइंडर बैटरी और एक ग्राइंडर चार्जर भी बरामद किया। इसके बाद मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के मजगावा निवासी ओमप्रकाश के पुत्र शिवा, सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के कवलपुरा निवासी अमरेन्द्र सिंह के पुत्र धीरज कुमार और ललन सिंह के पुत्र नन्दन कुमार सिंह शामिल हैं।
पुलिस टीम में सहाजितपुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी तथा सारण की जिला आसूचना इकाई यानी डीआईयू की टीम शामिल थी।

