नरसिंहपुर में विद्युत तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार; ₹2.03 लाख का माल बरामद
झौतेश्वर पुलिस की कार्रवाई, 18 बंडल विद्युत तार, चोरी के औजार और दो मोटरसाइकिल जब्त
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में विद्युत लाइन के तार चोरी करने और विद्युत पोल क्षतिग्रस्त करने वाले कथित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। झौतेश्वर पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 बंडल विद्युत तार, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 3 हजार रुपये है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चौकी झौतेश्वर पुलिस द्वारा की गई।
विद्युत तार चोरी की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के श्रीनगर कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता ने ग्राम खुर्शीपार में विद्युत लाइन के तार चोरी करने और विद्युत पोल क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर चौकी झौतेश्वर, थाना गोटेगांव में अपराध क्रमांक 588/2026 दर्ज कर विद्युत अधिनियम, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
दो लाख से अधिक का मशरूका जब्त
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर 18 बंडल विद्युत तार और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, जिनकी कीमत करीब 63 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किए गए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये है।
इस तरह पुलिस ने कुल करीब 2.03 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में ग्राम बंधा, थाना धूमा, जिला सिवनी निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न रूप से की गई है।
देवलाल यहके, उम्र 38 वर्ष, पिता राम प्रसाद यहके
सेवकराम यहके, उम्र 27 वर्ष, पिता राधेलाल यहके
मुकेश यहके, उम्र 27 वर्ष, पिता गुलाब यहके
सुखराम यहके, उम्र 40 वर्ष, पिता शंकरलाल यहके
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में चौकी प्रभारी झौतेश्वर सहायक उप निरीक्षक सुमित तिवारी, सहायक उप निरीक्षक सुरेश धुर्वे, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र, आरक्षक शिवराज एवं आरक्षक गौरीशंकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई से विद्युत तार चोरी के मामले का खुलासा हुआ है और चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

