काशी विश्वनाथ की तर्ज पर विकसित होगा बाबा महेंद्रनाथ धाम, कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव, पर्यटन समिति ने लिया जायजा
सिसवन के मेंहदार धाम पहुंची बिहार विधानसभा की पर्यटन-उद्योग संबंधी समिति, सभापति मनोरंजन सिंह ‘धूमल सिंह’ के नेतृत्व में विधायकों ने की पूजा- अर्चना
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण प्रमंडल अंतर्गत आने वाले सीवान जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत रामगढ़ पंचायत के मेंहदार गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ धाम को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज होती दिख रही है। धाम को वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव बिहार विधानसभा की पर्यटन- उद्योग से संबंधित समिति के समक्ष रखा गया है। प्रस्ताव में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आध्यात्मिक गतिविधियों, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने की विस्तृत योजना शामिल है।
बिहार विधानसभा की पर्यटन- उद्योग संबंधी समिति के सभापति एवं सारण जिले के एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह के नेतृत्व में समिति के सदस्यों की टीम ने बाबा महेंद्रनाथ धाम पहुंचकर पूजा- अर्चना करने के बाद समिति ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर यहां धार्मिक एवं पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया। टीम में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, खगड़िया विधायक बबलू कुमार तथा महिषी विधायक गौतम कृष्ण सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। इस दौरान भाजपा नेता सूर्यनंदन शाही और क्षेत्रीय ग्रामीणों की ओर से समिति के समक्ष बाबा महेंद्रनाथ धाम के समग्र विकास का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव में धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के साथ- साथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से युक्त विकसित परिसर के रूप में तैयार करने की परिकल्पना की गई है।
झील के बीच होगी भगवान शिव की विशाल प्रतिमा:
प्रस्तावित योजना में मौजूदा मंदिर और गर्भगृह के साथ धाम परिसर में झील विकसित करने तथा उसके बीच भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की योजना शामिल है। इसके साथ जलप्रपात और अन्य आकर्षक संरचनाएं विकसित करने का भी प्रस्ताव है। योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं के धार्मिक अनुभव के साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र तैयार करना है।
धार्मिक क्षेत्र के विकास के तहत 12 ज्योतिर्लिंग मंडप, शिवलिंग मंडप, वृत्ताकार प्रदक्षिणा पथ, पवित्र अक्ष मार्ग और भव्य महाद्वार बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा यज्ञशाला, योग-ध्यान केंद्र और सत्संग के लिए बहुउद्देशीय आध्यात्मिक हॉल विकसित करने की भी योजना प्रस्तावित की गई है।
शिव- विष्णु वाटिका से वैदिक ज्ञान परिसर तक
प्रस्तावित कॉरिडोर में हरित क्षेत्र और सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष महत्व दिया गया है। इसके तहत शिव वाटिका, विष्णु वाटिका, सांस्कृतिक विरासत गैलरी और वैदिक ज्ञान परिसर विकसित करने की योजना है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराने के लिए वैदिक पुस्तकालय, व्याख्यात्मक संग्रहालय और डिजिटल ज्ञान केंद्र बनाने का भी प्रस्ताव दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आच्छादित कतार प्रबंधन परिसर, प्रसाद काउंटर, भोगशाला, सुरक्षा केंद्र, शौचालय, स्नानघर और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। इससे विशेष पर्वों और सावन सहित अन्य अवसरों पर बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।
नौकायन, कांवर मार्ग और मेला क्षेत्र का भी प्रस्ताव
पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव में पवित्र झील में नियंत्रित नौकायन और कायाकिंग की सुविधा विकसित करने की बात कही गई है। इसके अलावा परिधि परिक्रमा पथ और प्रतीकात्मक कांवर यात्रा मार्ग भी प्रस्तावित है। परिसर में बच्चों के लिए पार्क, मेला क्षेत्र तथा स्थानीय दुकानदारों और धार्मिक सामग्री के लिए वाणिज्यिक आर्केड विकसित करने का प्रस्ताव है। साथ ही वीआईपी गेस्ट हाउस, प्रशासनिक एवं सेवा केंद्र, सुरक्षा तथा अग्निशमन व्यवस्था जैसी सुविधाओं को भी विकास योजना में शामिल किया गया है।
अधिकारियों को दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश:
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों से धाम के विकास और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। समिति की ओर से अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिया गया है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने समिति के सभापति मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह और सदस्यों का अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। मौके पर सीवान के डीडीसी, संबंधित पदाधिकारी, सिसवन के अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भाजपा नेता सुदामा तिवारी, सूर्यनंदन शाही, जदयू नेता जितेंद्र सिंह, सत्येंद्र भवानी, रामगढ़ पंचायत के मुखिया सत्येंद्र भारती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
बलिया कोठी और चैनपुर में भी हुआ स्वागत:
समिति की टीम के मेंहदार पहुंचने से पहले सारण जिले के बलिया कोठी गांव के समीप भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सूर्यनंदन शाही और क्षेत्रीय ग्रामीणों ने समिति के सभापति एवं सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद चैनपुर में क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति संजय सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने टीम का अभिनंदन किया। स्थानीय श्रद्धालु दही बाबा, कमल सिंह सेंगर, अरविंद कुमार सिंह उर्फ अंतिम सिंह आदि ने कहा कि यदि प्रस्तावित योजना को मूर्त रूप मिलता है तो बाबा महेंद्रनाथ धाम को धार्मिक पर्यटन के साथ सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ आसपास के क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि की संभावना है।
बिहार विधानसभा की पर्यटन- उद्योग संबंधी समिति का गठन राज्य में पर्यटन एवं उद्योग से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए किया गया है। एकमा के एनडीए समर्थित जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह समिति के सभापति हैं। अब मेंहदार धाम के विकास से जुड़े इस प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया और सरकार के स्तर पर लिए जाने वाले निर्णय पर स्थानीय लोगों की नजर है।
प्रस्तावित कॉरिडोर में क्या- क्या होगा:
धार्मिक- सांस्कृतिक आकर्षण-
मौजूदा मंदिर के साथ 12 ज्योतिर्लिंग मंडप, शिवलिंग मंडप, प्रदक्षिणा पथ, पवित्र अक्ष मार्ग और भव्य महाद्वार।
आध्यात्मिक सुविधाएं-
यज्ञशाला, योग-ध्यान केंद्र, सत्संग एवं बहुउद्देशीय आध्यात्मिक हॉल।
प्रमुख आकर्षण-
झील के बीच भगवान शिव की विशाल प्रतिमा और जलप्रपात।
हरित क्षेत्र-
शिव वाटिका और विष्णु वाटिका।
ज्ञान केंद्र-
वैदिक पुस्तकालय, सांस्कृतिक विरासत गैलरी, व्याख्यात्मक संग्रहालय और डिजिटल ज्ञान केंद्र।
श्रद्धालु सुविधाएं-
कतार प्रबंधन परिसर, प्रसाद काउंटर, भोगशाला, शौचालय, स्नानघर, पार्किंग और सुरक्षा केंद्र।
पर्यटन सुविधाएं-
पवित्र झील, नियंत्रित नौकायन एवं कायाकिंग, परिक्रमा पथ और प्रतीकात्मक कांवर यात्रा मार्ग।
अन्य सुविधाएं-
बच्चों का पार्क, मेला क्षेत्र, स्थानीय बाजार, वाणिज्यिक आर्केड, वीआईपी गेस्ट हाउस, प्रशासनिक केंद्र और अग्निशमन व्यवस्था।

