हाईवे पर गौवंश दिखा तो तुरंत होगा रेस्क्यू, कलेक्टर ने दिए ‘गाय लिफ्टर’ वाहन के निर्देश
गौवंश की सुरक्षा और सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर गौशाला संचालकों के साथ बैठक, फेंसिंग और रिफ्लेक्टिव कॉलर पर भी जोर
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: गौवंश की सुरक्षा और हाईवे पर होने वाले सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने गौशाला संचालकों, पशुपालन विभाग तथा एनएचएआई सागर एवं जबलपुर के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में हाईवे पर आवारा एवं विचरण करते गौवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई गई और स्थायी एवं त्वरित समाधान की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
हाईवे किनारे शासकीय भूमि पर होगी फेंसिंग
बैठक में हाईवे के आसपास उपलब्ध शासकीय भूमि को चिन्हित कर फेंसिंग कराने के विकल्प पर चर्चा की गई। इसका उद्देश्य हाईवे से गौवंश को सुरक्षित तरीके से हटाकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाना और उन्हें दोबारा सड़क पर आने से रोकना है।
कलेक्टर ने पीडी एनएचएआई सागर एवं जबलपुर को हाईवे पर गौवंश मिलने अथवा दुर्घटना की स्थिति में उन्हें सुरक्षित रूप से हटाने के लिए ‘गाय लिफ्टर’ वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क पर गौवंश की मौजूदगी उनके जीवन के साथ-साथ वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी गंभीर खतरा है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।
व्हाट्सऐप ग्रुप से होगा त्वरित सूचना आदान-प्रदान
कलेक्टर ने गौशाला संचालकों से कहा कि हाईवे पर गौवंश दिखाई देने या दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल संबंधित अमले को सूचना दें। इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से सूचना के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
इस ग्रुप में एनएचएआई, एसडीएम, पशुपालन विभाग, गौशाला संचालकों और गौसेवकों को जोड़ने की बात कही गई, ताकि सूचना मिलते ही संबंधित टीम कार्रवाई कर सके।
रिफ्लेक्टिव कॉलर और साइनेज लगाने पर जोर
रात के समय हाईवे पर गौवंश की दृश्यता बढ़ाने के लिए रिफ्लेक्टिव कॉलर लगाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर फेंसिंग और साइनेज लगाने तथा जरूरत वाले स्थानों को दुर्घटना मुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. सुनील कुमार ब्रजपुरिया, श्रीदेव रामजानकी गौशाला के महंत बालकदास जी महाराज, दयोदय गौशाला से राजीव जैन सहित अन्य गौशाला संचालक, पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

