सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण और 68,800 रुपये बरामद, चार गिरफ्तार
सब्जी खरीदने के दौरान मोबाइल चोरी की सूचना से खुला मामला, छापेमारी में मिला भारी मात्रा में संदिग्ध सामान
छपरा/मकेर, 06 सितंबर 2026
सारण जिले के मकेर थाना पुलिस ने चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान सोने-चांदी जैसे धातु के आभूषण, चोरी के मोबाइल फोन, 68,800 रुपये नकद समेत कई सामान बरामद किए हैं। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए छापेमारी कर रही है।
मोबाइल गुम होने की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और विशेष छापेमारी अभियान के तहत 5 सितंबर की सुबह करीब 7:20 बजे मकेर थाना पुलिस को बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान एक व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम होने की सूचना मिली।
पुलिस टीम तत्काल मकेर बाजार पहुंची और घटना का सत्यापन करते हुए स्थानीय लोगों से पूछताछ की। घटना की पुष्टि होने के बाद संदिग्ध व्यक्तियों और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए बासफोर टोला में छापेमारी की गई।
छापेमारी में आभूषण और मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक पुरुष और एक महिला भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में पुरुष की पहचान राहुल कश्यप के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इसके बाद उसके कमरे की तलाशी ली गई। टीन के बक्से में रखे झोले से बड़ी मात्रा में सोने और चांदी जैसे धातु के आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, मकान के दूसरे कमरे से एक व्यक्ति भागने में सफल रहा। उसके घर की तलाशी के दौरान पलंग के कबाड़ में रखे बैग से भी बड़ी मात्रा में आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए।
दूसरे युवक के पास से नकदी और आभूषण मिले
पुलिस टीम जब वापस लौट रही थी, तभी बगल के मकान से एक अन्य युवक भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आकाश मांझी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान गोदरेज के लॉकर से 68,800 रुपये नकद, सोने-चांदी जैसे धातु के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद सामानों की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया है। बरामद मोबाइल, आभूषण और अन्य सामानों का तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों में चोरी गए सामान से बरामद वस्तुओं का मिलान कर वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है।
20 पायल से लेकर मंगलसूत्र और झुमके तक बरामद
पुलिस की सूची के अनुसार बरामद सामानों में चांदी की 20 पायल, 4 सिकड़ी, 5 कमरबंद, 3 चोटी में लगाने वाले आभूषण, 8 अंगूठियां, 5 सिक्के, 5 हाथ पंजा, 2 बाल में लगाने वाले आभूषण और 2 पैर के छल्ले शामिल हैं।
इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र, मांगटीका, ढोलना, सिकड़ी, झुमके, टॉप, नथिया और कान की बाली समेत अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दो इलेक्ट्रिक वजन मशीन, एक चाकू, एक पेन ड्राइव, तीन मोबाइल फोन, एक मोमेंटो और अन्य सामान भी जब्त किया है।
चार गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश जारी
मामले में मकेर थाना कांड संख्या 252/26, दिनांक 05.09.2026, धारा 317(4)/317(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कश्यप, आकाश मांझी, सुबोध कुमार और एक महिला शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामानों के संबंध में संबंधित लोगों द्वारा संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
पुलिस फरार व्यक्ति की गिरफ्तारी और चोरी के सामान के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. राहुल कश्यप, निवासी नई बस्ती हील डिमगोरा, थाना खड़खड़ी, जिला हरिद्वार, उत्तर प्रदेश; वर्तमान पता मकेर पुराना थाना के पीछे।
2. आकाश मांझी, निवासी बिहटा बाटा मुसहरी, थाना आरा मोड़ बिहटा, जिला पटना; वर्तमान पता मकेर पुराना थाना के पीछे।
3. सुबोध कुमार, निवासी अफौर, थाना नगरा, जिला सारण।
4. एक महिला।

