सावन की पहली सोमवारी पर शिव शक्ति धाम गोबरही में उमड़ा आस्था का सैलाब, बारिश भी नहीं रोक सकी भक्तों के कदम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह:पवित्र सावन माह की पहली सोमवारी पर मांझी प्रखंड के गोबरही स्थित प्रसिद्ध शिव शक्ति धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मंदिर परिसर "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।
सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु स्नान कर गेरुआ वस्त्र धारण कर मंदिर पहुंचने लगे। शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ। दूर-दराज से पहुंचे कई कांवरियों ने पैदल यात्रा कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारी ने बताया कि सावन सोमवार को यहां पूजा का विशेष महत्व है और इस दिन सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। प्रसाद, चूड़ी, खिलौने और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। बच्चों के लिए झूले भी आकर्षण का केंद्र बने। हालांकि लगातार बारिश के कारण मंदिर तक जाने वाले कई रास्तों पर कीचड़ हो गया, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था के आगे यह बाधा भी फीकी पड़ गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। दाउदपुर थाना पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी। अपर थानाध्यक्ष बिपुल कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा पूरे मेले की लगातार निगरानी की जा रही है।
मेला प्रभारी ने बताया कि सावन के आगामी सोमवारों पर भी इसी प्रकार की सुरक्षा एवं सुविधाओं की व्यवस्था जारी रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
सावन की पहली सोमवारी, गोबरही शिव शक्ति धाम, मांझी समाचार, सारण न्यूज, जलाभिषेक, बोल बम, हर हर महादेव, शिव मंदिर, सावन मेला, दाउदपुर थाना

