पंचायत चुनाव से पहले विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार, बरेजा पंचायत में नाला निर्माण शुरू
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पंचायत चुनाव की आहट के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों ने भी रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। कई पंचायतों में नल-जल, बिजली, सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का कार्य तेज हो गया है। इसी क्रम में मांझी प्रखंड की आदर्श ग्राम पंचायत बरेजा में मुखिया राजेश पांडे के नेतृत्व में नाला निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है।
मुखिया राजेश पांडे ने बताया कि पंचायत के कई इलाकों में नाला नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर नाला निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल निर्माण ही नहीं, बल्कि नालों की नियमित साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि बरसात के दौरान पानी का निकास सुचारू रूप से होता रहे।
उन्होंने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को सड़क किनारे लगभग 10 इंच ईंट जोड़ने तथा सड़क पर जमा कीचड़ की तत्काल सफाई करने का निर्देश भी दिया। उनका कहना था कि स्वच्छ और सुरक्षित सड़कें ग्रामीणों की सुविधा के लिए आवश्यक हैं।
मुखिया ने पंचायत में लगी सोलर लाइटों की बैटरियां चोरी होने पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि वार्ड सदस्यों की ओर से दाऊदपुर थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध सानहा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है और दोषियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई कराई जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जलनिकासी की समस्या बनी हुई थी। नाला निर्माण और सफाई अभियान शुरू होने से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। पंचायत में चल रहे इन विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।

