संगीत शिक्षक व गायक शेखर सुमन गंडक नदी में समाए या किसी और कारण से हुए लापता, तलाश जारी...…
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 722 पर स्थित रेवा पुल से संगीत शिक्षक शेखर सुमन के अचानक लापता होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार की देर रात्रि से लापता शिक्षक की कार रेवा पुल पर लावारिस हालत में बरामद हुई है। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि शिक्षक ने गंडक नदी में छलांग लगा दी होगी। हालांकि, उनके लापता होने के पीछे कोई अन्य वजह है या नहीं, इसे लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लापता शिक्षक की पहचान सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभेपुर गांव निवासी उपेंद्र राय के 30 वर्षीय पुत्र शेखर सुमन के रूप में हुई है। वह उच्च माध्यमिक विद्यालय कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों ने बताया कि शेखर सुमन मंगलवार को अपनी कार से किसी परिचित के यहां नेवता करने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए। तलाश के दौरान परिजन जब रेवा पुल पर पहुंचे तो वहां शेखर सुमन की कार खड़ी मिली, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं थे। कार मिलने और शिक्षक के गायब होने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने संभावना जताई कि वह गंडक नदी में गिर या छलांग लगा सकते हैं।
घटना की सूचना स्थानीय मकेर थाने की पुलिस को दी गई। बुधवार की अहले सुबह से पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गंडक नदी में शिक्षक की तलाश शुरू कर दी गई है। नदी में उनकी खोजबीन लगातार जारी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक शेखर सुमन का कोई सुराग नहीं मिल सका था। शिक्षक नदी में समा गए हैं या किसी अन्य कारण से अचानक लापता हुए हैं, इसका जवाब तलाशने में संबंधित थाने की पुलिस जुटी हुई है। वहीं परिजन भी उनके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

