सीवरेज की शिकायतों पर एक्शन मोड में नगर पालिका अध्यक्ष, शास्त्री वार्ड में किया औचक निरीक्षण
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और नागरिक सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: विशेष संवाददाता राजकुमार दुबे। नरसिंहपुर नगरपालिका क्षेत्र में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्य को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच नगर पालिका अध्यक्ष नीरज महाराज एक्शन मोड में नजर आए। बीते दिवस उन्होंने शास्त्री वार्ड पहुंचकर सीवरेज निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की स्थिति, गुणवत्ता और नागरिकों को हो रही परेशानियों का जायजा लिया।
अनियमितताओं पर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं और अनियमितताओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीवरेज निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए और नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करने तथा लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बरसात में नालियों की सफाई और दवा छिड़काव पर जोर
बारिश के मौसम को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्ड में नालियों के जाम होने की समस्या को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नालियों की नियमित सफाई कराने तथा आवश्यक स्थानों पर कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। ऐसे में नगर पालिका की टीम को सतर्क रहते हुए नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना चाहिए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजेन्द्र सिंह लोधी, सहायक यंत्री प्रतिमा ठाकुर, शास्त्री वार्ड पार्षद सुषमा तिवारी, अपराजिता मिश्रा सी.ओ.डी., अमित कुल्हार सी.ओ.डी., उपयंत्री प्रशांत गुप्ता, सीवरेज योजना से रामप्रकाश वर्मा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष को सीवरेज कार्य की प्रगति और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी दी। नगर पालिका अध्यक्ष ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों की लगातार निगरानी करने पर जोर दिया।
नरसिंहपुर सीवरेज निर्माण, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज महाराज, शास्त्री वार्ड निरीक्षण, नरसिंहपुर नगरपालिका, सीवरेज शिकायत, नाली सफाई, बरसात में जलभराव, नगर पालिका कार्रवाई

