चोरी गिरोह का खुलासा: स्कूल, आंगनबाड़ी व घरों को बनाते थे निशाना, चार बाइक समेत चोरी का सामान बरामद
मुजफ्फरपुर में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 3 गिरफ्तार और 5 विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
मुजफ्फरपुर (बिहार): मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र और घरों को निशाना बनाकर की जा रही चोरी एवं गृहभेदन की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ चार मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। मुरौल ओपी क्षेत्र में 16 अगस्त की रात पांच घरों तथा 19 अगस्त की रात 12 घरों में गृहभेदन की घटनाएं हुई थीं। वहीं पियर थाना क्षेत्र में आठ आंगनबाड़ी केंद्रों को निशाना बनाया गया।
इसके अलावा बोचहां थाना क्षेत्र में पांच स्कूल/आंगनबाड़ी केंद्र और एक घर में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। मुशहरी, सकरा और हत्था थाना क्षेत्रों में भी आंगनबाड़ी केंद्रों में चोरी की वारदातें दर्ज की गई थीं।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुश्रवण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-01/02 के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस, अंचल निरीक्षक सकरा और जिला आसूचना इकाई की टीम को शामिल किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई
गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में पियर थाना पुलिस ने गिरोह से जुड़े छोटू कुमार और सन्नी कुमार, दोनों थाना गायघाट क्षेत्र, को गिरफ्तार किया। इनके साथ चार विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया।
मुरौल ओपी (सकरा) पुलिस ने चोरी के बर्तन एवं अन्य सामान के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। वहीं बोचहां थाना पुलिस ने चोरी के सामान खरीदने के आरोप में कुंदन साह, थाना बोचहां, जिला मुजफ्फरपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी का इनवर्टर और बैटरी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने अपने गिरोह के साथ मिलकर जिले के कई थाना क्षेत्रों में गृहभेदन की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
19 मामलों का हुआ उद्भेदन
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों और निरुद्ध विधि-विरुद्ध बालकों की कार्रवाई से कुल 19 कांडों का सफल उद्भेदन हुआ है। इनमें पियर थाना के आठ, मुरौल ओपी के दो, बोचहां थाना के छह, मुशहरी थाना का एक, हत्था थाना का एक और सकरा थाना का एक कांड शामिल है।
पुलिस ने बताया कि जिले में दर्ज अन्य चोरी एवं गृहभेदन के मामलों के भी खुलासा होने की संभावना है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
चोरी का सामान और वाहन बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार मोटरसाइकिल, तीन टीवी, तीन इनवर्टर, तीन बैटरी, एक गैस सिलेंडर और एक चूल्हा बरामद किया है। मामले में अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
Muzaffarpur theft gang busted
चोरी गिरोह का खुलासा, 19 कांडों का उद्भेदन; तीन गिरफ्तार

