मांझी में 16 गोवंश के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, जयप्रभा सेतु से बिहार ला रहे थे मवेशी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना पुलिस ने रविवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में बलिया मोड़ पर चल रहे वाहन जांच अभियान के दौरान दो पिकअप पर लदे 16 गोवंश बरामद किए गए और 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी के बलिया से जयप्रभा सेतु के रास्ते बड़ी संख्या में गोवंश बिहार लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई। कुछ देर बाद सेतु की ओर से दो पिकअप आते दिखे। पुलिस को देख चालकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर बलिया मोड़ के पास दोनों वाहनों को पकड़ लिया गया। तलाशी में दोनों वाहनों में ठूंस-ठूंस कर भरे 6 गाय और 10 बछड़े मिले। गिरफ्तार आरोपितों में सोनपुरवा, खेजुरी, बलिया निवासी सलमान नट पिता मुमताज नट, नितेश कुमार पिता मनोज नट, खवासपुर रामफल टोला, भोजपुर निवासी नंद किशोर यादव पिता स्व. भीलोटन यादव, कुशहर, सहतवार निवासी गोलू राठौर पिता सुनील राठौर और सिंगही निवासी बीरबल राठौर पिता मिरकी राठौर शामिल हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी गोवंश को कान्हा गौशाला, यूपी को जिमनामा पर सौंप दिया गया है। दोनों पिकअप जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है।

