तकनीकी खराबी से करीब तीन घंटे ठप रहा छपरा-बलिया रेलखंड, मांझी हाल्ट पर खड़ी रही मेमू ट्रेन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा-बलिया रेलखंड पर बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण रेल परिचालन करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा। बलिया से पाटलिपुत्र जाने वाली 63334 डाउन मेमू ट्रेन मांझी हाल्ट पर करीब पौने तीन घंटे तक खड़ी रही। ट्रेन के लंबे समय तक रुके रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मांझी रेलपुल के समीप ट्रेन का विद्युत कनेक्शन यंत्र टूटकर फंस गया, जिसके कारण ट्रेन का परिचालन प्रभावित हो गया। इसके बाद ट्रेन मांझी हाल्ट पहुंचकर रुक गई। घटना की सूचना मिलने के बाद छपरा से तकनीकी कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और रेलपुल के अंदर तथा मांझी हाल्ट के समीप आई तकनीकी खराबी को दूर करने में जुट गई।
कड़ी मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी को ठीक किया गया। दोपहर करीब 3 बजे मांझी हाल्ट पर खड़ी हुई मेमू ट्रेन शाम पौने छह बजे पाटलिपुत्र के लिए रवाना हो सकी। इस दौरान छपरा से पहुंचे जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी एवं जवान मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने के कारण कई यात्री परेशान होकर मांझी चट्टी पहुंचे और वहां से ऑटो के माध्यम से छपरा की ओर रवाना हो गए। वहीं, तकनीकी खराबी दूर होने के बाद दर्जनों यात्रियों ने ट्रेन में ही यात्रा जारी रखी और ट्रेन के रवाना होने पर राहत की सांस ली।
रेल परिचालन बाधित रहने के कारण यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। तकनीकी टीम द्वारा खराबी दूर किए जाने के बाद रेलखंड पर परिचालन सामान्य हो सका।
मांझी रेल खबर, छपरा बलिया रेलखंड, 63334 डाउन मेमू ट्रेन, मांझी हाल्ट, रेल परिचालन बाधित, ट्रेन में तकनीकी खराबी, छपरा रेलवे न्यूज, मांझी न्यूज, सारण रेलवे समाचार

