सरयू पर पीपा पुल की मांग तेज, कटाव के बीच डूमाईगढ़–गोपालनगर के लोगों ने सरकार से लगाई गुहार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड के डूमाईगढ़ से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गोपालनगर के बीच सरयू नदी पर पीपा पुल निर्माण की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सरयू नदी में लगातार बढ़ते कटाव और नाव के सहारे होने वाले जोखिम भरे आवागमन से क्षेत्र के लोगों में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अब सरकार को इस बहुप्रतीक्षित मांग पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार सरयू नदी में लगातार हो रहे कटाव के कारण तटीय क्षेत्रों में रहने वाले परिवार भय के साये में जीवन बिता रहे हैं। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कई और गांव नदी में समा सकते हैं। ऐसे हालात में पीपा पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए राहत का बड़ा माध्यम साबित होगा।
ग्रामीणों ने बताया कि महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने पूर्व में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर बिहार और उत्तर प्रदेश को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए डूमाईगढ़–गोपालनगर के बीच पीपा पुल निर्माण की मांग उठाई थी। उस समय पुल निर्माण का आश्वासन भी मिला था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा और नाराजगी है।
ग्रामीण दिनेश्वर मिश्र ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों लोग नाव के सहारे सरयू नदी पार कर उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच आवागमन करते हैं। यदि डूमाईगढ़ में पीपा पुल का निर्माण हो जाता है तो दोनों राज्यों के बीच संपर्क बेहद आसान हो जाएगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा तथा महाराजगंज और आसपास के बाजारों से सीधा संपर्क स्थापित होगा।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दोनों राज्यों के आर्थिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने केंद्र एवं दोनों राज्य सरकारों से शीघ्र पीपा पुल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
डूमाईगढ़ पीपा पुल, सरयू नदी कटाव, मांझी समाचार, बलिया गोपालनगर, बिहार उत्तर प्रदेश संपर्क मार्ग, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पीपा पुल निर्माण, सारण न्यूज

