500 लीटर देसी शराब जब्त, दो अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त; 5000 लीटर अर्धनिर्मित शराब विनष्ट
सारण (बिहार):सारण पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 24 घंटे में दो अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान करीब 5000 लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही विनष्ट किया गया, जबकि 500 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण, सेवन और कारोबारियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मकेर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने छापेमारी कर यह कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त दो भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में अर्धनिर्मित शराब नष्ट कर दी और तैयार देसी शराब को जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आगे भी ऐसे विशेष अभियान चलाकर शराब माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सारण पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 अथवा स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Saran Police, Maker Police, Illegal Liquor, Liquor Raid Saran, Bihar Police Action, Desi Sharab Seized, Liquor Smuggling, Chhapra News

