एक बाइक पर चार पुलिसकर्मी: वायरल वीडियो पर पटना ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, चालान के साथ विभागीय कार्रवाई शुरू
पटना (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सोशल मीडिया पर एक ही मोटरसाइकिल पर बिना हेलमेट चार पुलिसकर्मियों के सवार होने का वीडियो वायरल होने के बाद पटना यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ चालान और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक (यातायात), पटना के निर्देश पर मामले का सत्यापन कर यह स्पष्ट किया गया कि "कानून सबके लिए समान है" और नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।
जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो 30 जून का है। वीडियो में दिखाई दे रहे मोटरसाइकिल चालक की पहचान गृहरक्षक अभय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो गृहरक्षक मुख्यालय में कार्यरत हैं। सत्यापन के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन—बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा एक मोटरसाइकिल पर चार लोगों के सवार होने—के मामले में वाहन का ₹2,000 का चालान किया गया है। साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश भी जारी कर दिया गया है।
पटना यातायात पुलिस ने बताया कि बाइक पर सवार चारों होमगार्ड जवानों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उनके संबंधित नियंत्रक पदाधिकारी को पत्र भेजा जा रहा है। विभाग ने सभी पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे ड्यूटी पर हों या ड्यूटी से बाहर, हर परिस्थिति में यातायात नियमों का पालन करें और आम जनता के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करें।
पटना पुलिस ने दोहराया कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक और सरकारी कर्मी की जिम्मेदारी है तथा भविष्य में इस प्रकार के मामलों में भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पटना ट्रैफिक पुलिस, वायरल वीडियो, चार पुलिसकर्मी एक बाइक, होमगार्ड चालान, बिना हेलमेट चालान, पटना पुलिस, ट्रैफिक नियम, बिहार समाचार

