सारण: मानव तस्करी कनेक्शन की जांच में घंटों चली NIA की छापेमारी, गांव में मचा हड़कंप
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के मशरक प्रखंड अंतर्गत सोनौली पंचायत के पचरूखवा गांव में सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हालांकि एजेंसी ने कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से पहुंची NIA की टीम ने गांव निवासी निजाम अंसारी के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उनके पुत्र सदाकत अंसारी से कई घंटों तक गहन पूछताछ की गई। जांच के दौरान टीम ने उसके मोबाइल फोन और लैपटॉप की बारीकी से जांच की तथा जांच पूरी होने के बाद दोनों इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सील कर अपने साथ ले गई।
छापेमारी के दौरान मशरक थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस की विशेष निगरानी रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सदाकत अंसारी पिछले कुछ समय से कंबोडिया में काम करता था। प्रारंभिक स्तर पर चर्चा है कि जांच मानव तस्करी से जुड़े संभावित अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के संबंधों को लेकर की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में NIA की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए जांच के उद्देश्य और निष्कर्ष को लेकर अभी कोई अंतिम दावा नहीं किया जा सकता।
NIA की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों के बीच मामले को लेकर उत्सुकता बनी हुई है और सभी की निगाहें एजेंसी की आगामी कार्रवाई तथा आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं।
NIA Raid Mashrak, Saran News, Human Trafficking Investigation, Pachrukhwa Village, Sonauli Panchayat, NIA Bihar Raid, Mashrak News, Bihar Crime News, Cambodia Connection, Chapra News

