रोपनी के बिना धान की खेती का नया प्रयोग: किसान सलाहकार अरुण कुमार सिंह ने पेश किया अनूठा मॉडल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत गोबरही पंचायत के गोबरही टोला निवासी किसान सलाहकार अरुण कुमार सिंह ने धान की खेती में एक नई तकनीक अपनाकर किसानों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। स्वर्गीय अर्जुन सिंह के पुत्र एवं एकमा प्रखंड में कार्यरत किसान सलाहकार अरुण कुमार सिंह ने इस बार पारंपरिक रोपनी पद्धति के बजाय सीधे खेत में धान का बिचड़ा बिखेरकर खेती करने का प्रयोग शुरू किया है।
अरुण कुमार सिंह ने बताया कि खेत की समुचित तैयारी के बाद धान के बिचड़े को सीधे खेत में बिखेरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कृषि मजदूरों की कमी किसानों के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। ऐसे में उन्होंने उत्तर प्रदेश में प्रचलित इस आधुनिक खेती पद्धति से प्रेरणा लेकर अपने खेत में इसका प्रयोग किया है।
उन्होंने बताया कि इस विधि में श्रम और लागत दोनों कम लगते हैं, जबकि उत्पादन बेहतर मिलने की संभावना रहती है। उनका मानना है कि यदि यह प्रयोग सफल होता है तो भविष्य में क्षेत्र के किसानों के लिए यह खेती का एक बेहतर और किफायती विकल्प बन सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तकनीक से पारंपरिक रोपनी की तुलना में धान की अच्छी पैदावार प्राप्त होगी।
इस नए कृषि प्रयोग को देखने के लिए आसपास के किसान भी खेत पर पहुंच रहे हैं और इसकी जानकारी ले रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि यह प्रयोग सफल रहा तो श्रमिकों की कमी से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अशोक सिंह, लग्न यादव, वीरवल गिरी, संतोष यादव सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे और इस नई खेती पद्धति का अवलोकन किया।
अरुण कुमार सिंह किसान सलाहकार, नई धान खेती तकनीक, बिना रोपनी धान की खेती, गोबरही पंचायत समाचार, मांझी कृषि समाचार, सारण किसान, धान की आधुनिक खेती, बिहार कृषि नवाचार
#SaranNews #Manjhi #Gobarahi #PaddyFarming #Agriculture #Farmer #BiharNews #Kisan #ModernFarming #JagatDarshanNews

