छात्राओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक, 'चुप्पी तोड़ो, खुल के पूछो' अभियान के तहत 200 सैनिटरी पैड वितरित
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवी संस्था लायंस लियो क्लब ऑफ छपरा टाउन के तत्वावधान में शहर के गर्ल्स उच्च विद्यालय में माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत "चुप्पी तोड़ो, खुल के पूछो" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, उन्हें वैज्ञानिक जानकारी देना तथा मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता अपनाने के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या किरण सिंह, प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नताशा सिंह, लायंस क्लब के अध्यक्ष आदित्य सोनी तथा लियो क्लब के उपाध्यक्ष उज्ज्वल मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर डॉ. नताशा सिंह को बिहार का प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. नताशा सिंह ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक एवं सामान्य जैविक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी भी प्रकार की झिझक या शर्म महसूस करने की आवश्यकता नहीं है।
संवादात्मक सत्र के दौरान छात्राओं ने माहवारी से जुड़े विभिन्न सवाल खुलकर पूछे, जिनका डॉ. नताशा सिंह ने सरल, वैज्ञानिक और व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया। इससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा और उनकी कई भ्रांतियां दूर हुईं।
लायंस क्लब के अध्यक्ष आदित्य सोनी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना और समाज में फैली गलत धारणाओं को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लायंस क्लब की जिला गवर्नर श्रीमती संगीता नंदा का ड्रीम प्रोजेक्ट भी है।
लियो क्लब के उपाध्यक्ष उज्ज्वल मिश्रा ने कहा कि किशोरियों को स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जागरूक बनाने के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर लियो क्लब की ओर से विद्यालय को 200 सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए गए।
विद्यालय की प्राचार्या किरण सिंह ने डॉ. नताशा सिंह एवं लायंस-लियो क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुंवर जायसवाल, अभिषेक किशोर, विकास गुप्ता, मनीष कुमार, विकास समर आनंद, आशुतोष पांडेय, अमित सोनी, अभिषेक गुप्ता, निशा गुप्ता, कुमार अभिषेक, कृष्ण कन्हैया मिश्रा, लीलावती कुमारी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
छपरा समाचार, माहवारी स्वच्छता जागरूकता, चुप्पी तोड़ो खुल के पूछो, लायंस लियो क्लब छपरा, डॉ नताशा सिंह, गर्ल्स हाई स्कूल छपरा, सैनिटरी पैड वितरण, महिला स्वास्थ्य जागरूकता

