सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम में सीओ ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे का दिया भरोसा
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: बिहार सरकार की जनकल्याणकारी पहल "सबका सम्मान-जीवन आसान" कार्यक्रम के तहत सोमवार को दारौंदा अंचल कार्यालय परिसर में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण एवं अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
जनसुनवाई के दौरान अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने प्रत्येक मामले की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी लंबित मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने कहा कि बिहार सरकार के 'सात निश्चय' के तहत आम जनता को सरकारी कार्यालयों में बार-बार भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो, यही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में डीईओ विकास कुमार सिंह सहित अंचल कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग भी की।
दारौंदा समाचार, सबका सम्मान जीवन आसान कार्यक्रम, दारौंदा सीओ वेद प्रकाश नारायण, सीवान राजस्व समाचार, अंचल कार्यालय दारौंदा, जनसुनवाई कार्यक्रम, बिहार सात निश्चय

