हथियार के साथ वीडियो वायरल करना पड़ा महंगा, छपरा में आरोपी गिरफ्तार; आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा बसंत गांव में हथियार के साथ वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल सिंह उर्फ प्रकाश सिंह के रूप में हुई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा हथियार लहराते हुए वीडियो और फोटो तेजी से वायरल हो रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वायरल सामग्री का सत्यापन कराया। जांच में वीडियो अवतार नगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा बसंत गांव का पाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अवतार नगर थाना कांड संख्या-243/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा-30 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वैध था या अवैध तथा उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने अथवा आपराधिक वर्चस्व स्थापित करने की मंशा तो नहीं थी।
सारण पुलिस ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और आपराधिक छवि बनाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। ऐसे मामलों में पुलिस की विशेष निगरानी जारी है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
छपरा समाचार, सारण पुलिस, अवतार नगर थाना, राहुल सिंह गिरफ्तार, हथियार वायरल वीडियो, Arms Act, बिहार क्राइम न्यूज, सोशल मीडिया हथियार प्रदर्शन, Vinay Kumar SSP Saran, Chapra Crime News
#Chapra #SaranPolice #BiharCrime #AvatarNagar #ArmsAct #CrimeNews #SocialMedia #JagatDarshanNews

