बिहार: अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा थाना पुलिस ने बेहतर विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान अवैध आग्नेयास्त्र के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र निवासी अक्षत कुमार तथा दरौंदा थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी संदीप कुमार गुलेरिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को दरौंदा थाना पुलिस गांवहीं रोड पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार युवक को रोककर पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम अक्षत कुमार बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की गैलरी में हथियार के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें देखीं। जब पुलिस ने इस संबंध में सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि हथियार उसके मित्र संदीप कुमार गुलेरिया के पास है, जिसे माँ सरस्वती विवाह भवन में छुपाकर रखा गया है।
सूचना मिलते ही दरौंदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थल पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक खोखा, एक चाकू, एक प्लास्टिक पिस्टल, एक बाइक तथा एक मोबाइल बरामद किया। मौके से संदीप कुमार गुलेरिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में दरौंदा थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में दरौंदा थानाध्यक्ष पु.नि. विकास कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष पुअनि मोहन कुमार निराला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Siwan News, Daraonda Police, Illegal Arms Seized, Akshat Kumar Arrested, Sandeep Kumar Guleria, Arms Act Case, Daraonda News, Bihar Crime News, Siwan Crime Update, Police Raid News

