दक्ष नर्सिंग कॉलेज में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, दिए गए आवश्यक निर्देश
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: जिले के दारौंदा स्थित दक्ष नर्सिंग कॉलेज एवं हॉस्पिटल में अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा संबंधी जांच एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्थान में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों तथा सुरक्षा मानकों का गहन जायजा लिया गया।
अग्निशमन पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान टीम ने संस्थान प्रबंधन एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने तथा उपलब्ध संसाधनों के सही उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मी पापूंजय कुमार भी मौजूद रहे। टीम ने सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
संस्थान प्रबंधन ने अग्निशमन विभाग की टीम का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है तथा भविष्य में भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कॉलेज एवं अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

