मिशन शक्ति के तहत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर श्री भारती वेदविद्या गुरुकुलम में भव्य योग शिविर आयोजित
महिलाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश देना मुख्य उद्देश्य : निभा सिंह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिशन शक्ति, सारण के तत्वावधान में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर स्थित श्री भारती वेदविद्या गुरुकुलम परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।
इस अवसर पर मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक निभा सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि योग दिवस जैसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। योग व्यक्ति को स्वस्थ, आत्मविश्वासी एवं ऊर्जावान बनाता है।
योग शिविर में गुरुकुल के विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षिका एवं योग विशेषज्ञ सलोनी कुमारी ने प्रतिभागियों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। योग के माध्यम से व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में संतुलन स्थापित कर सकता है तथा तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
शिविर के सफल आयोजन में गुरुकुल के प्राचार्य आशुतोष कुमार तथा गुरुकुल प्रबंधन से जुड़े अन्य आचार्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न अंग बताते हुए विद्यार्थियों से इसे अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
मिशन शक्ति की जेंडर स्पेशलिस्ट सुजाता श्री ने महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर संगीता कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच योग एक प्रभावी उपाय है, जो मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इस पहल को प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताते हुए नियमित योगाभ्यास करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

