अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ब्रह्माकुमारीज ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, राजयोग से मानसिक सशक्तिकरण का दिया संदेश
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, छपरा शाखा द्वारा भगवान बाजार स्थित मुख्य सेवा केंद्र पर विशेष योग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योग, ध्यान और नशामुक्ति का संदेश ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया गया। ध्यान सत्र में प्रतिभागियों ने मानसिक शांति, आत्मिक ऊर्जा और सकारात्मक सोच का अनुभव किया। वक्ताओं ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।
छपरा सेवा केंद्र की संचालिका बीके अनामिका दीदी ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल शरीर की तंदुरुस्ती ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मन का स्वस्थ और सकारात्मक होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित योग, व्यायाम, आत्मज्ञान और परमात्म ज्ञान को जीवन में अपनाकर व्यक्ति मानसिक रूप से मजबूत बन सकता है। राजयोग मनुष्य के भीतर शांति, पवित्रता और आत्मबल का संचार करता है, जिससे जीवन में संतुलन और सुख की अनुभूति होती है।
योग दिवस के साथ-साथ कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान भी चलाया गया। बीके अरविंद भाई ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में बीके अरविंद भाई, बीके देवानंद भाई, बीके पहलाद भाई, बीके अशोक भाई, बीके ज्योति बहन, बीके प्रियांशु बहन, बीके पिंकी बहन, बीके धर्मशीला, बीके अनीता, बीके पूजा, बीके रिंकू सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन योग, ध्यान और नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

