सारण की बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान, बिहार सब जूनियर हैंडबॉल में जीता कांस्य पदक
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण की बेटियों ने खेल जगत में एक और शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। सासाराम में आयोजित 11वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में सारण की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक और ट्रॉफी अपने नाम की।
सारण जिला हैंडबॉल संघ के सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि टीम की सफलता में सभी खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान खुशी कुमारी, करिश्मा कुमारी, मानसी और अनामिका सहित अन्य खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
बिहार हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में तथा रोहतास जिला हैंडबॉल संघ द्वारा आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सारण की टीम ने शुरू से ही अपना दबदबा कायम रखा। पूल-ए के मुकाबलों में सारण ने औरंगाबाद को 12-2, पूर्वी चंपारण को 9-4 तथा दरभंगा को 5-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में गोपालगंज को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में पटना के खिलाफ सारण की टीम ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन दो गोल के मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बावजूद टीम ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया और पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सारण की बेटियों की यह उपलब्धि जिले की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और महिला खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया उत्साह देगी।
इस सफलता पर विधान पार्षद इंजीनियर सच्चिदानंद राय, जिला खेल पदाधिकारी मो. शमीम अंसारी, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र सिंह, संरक्षक जितेंद्र सिंह, इंजीनियर ललित सिंह, अजीत सिंह, राकेश कुमार सिंह, ठाकुर विनोद सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी रितेश कुमार सिंह, प्रशिक्षक अभिषेक कुमार सिंह सहित कई खेल प्रेमियों एवं पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

