खेल भवन, छपरा में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर खेल भवन, छपरा में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छपरा की विधायक श्रीमती छोटी कुमारी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री पुनीत कुमार गर्ग, जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव तथा उप विकास आयुक्त श्री लक्ष्मण तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ तनावमुक्त जीवन जीने में भी सहायक होता है।
प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योग सत्र में भाग लिया तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी नागरिकों को नियमित योग कर अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम में विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, स्थानीय खिलाड़ी, युवा, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

