दहेज हत्या मामले में सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत खैरा थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज हत्या कांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 10 मई 2026 को खैरा थाना में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ, जिसमें वादी ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की हत्या दहेज को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा कर दी गई है। आवेदन के आधार पर खैरा थाना कांड संख्या-152/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश राय, पिता स्वर्गीय रामायण राय, निवासी बारी धोपवल, थाना खैरा शामिल हैं। वहीं दो महिला अभियुक्तों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई में खैरा थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
सारण पुलिस ने कहा है कि जिले में महिला अपराध एवं दहेज उत्पीड़न के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
#SaranPolice #DowryDeath #BiharNews #CrimeNews #Khaira #ChapraNews #PoliceAction #WomenSafety #BreakingNews #SaranNews

