रास्ते को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, प्रशासन ने शुरू की जांच
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड क्षेत्र के पाण्डेयपुर गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहरा गया है। जमीन के एक छोटे से टुकड़े को लेकर उत्पन्न विवाद ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि एक पक्ष का दावा है कि जिस रास्ते का वर्षों से उपयोग किया जा रहा है, वह उनकी निजी जमीन है और बिना अनुमति वहां से आवागमन नहीं किया जा सकता। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि संबंधित भूमि सरकारी है और ग्रामीण लंबे समय से इसे सार्वजनिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल करते आ रहे हैं।
विवाद बढ़ने के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए मामले की सूचना दारौंदा प्रशासन को दी गई, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम सक्रिय हुई और जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
दोनों पक्ष अपने-अपने दावों को सही साबित करने के लिए जमीन से संबंधित दस्तावेज एवं प्रमाण प्रस्तुत करने की बात कह रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने स्वयं जांच शुरू कर दी है।
अंचलाधिकारी ने बताया कि भूमि अभिलेख, नक्शा एवं राजस्व रिकॉर्ड की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवादित जमीन निजी है या सरकारी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
अब पूरे गांव की निगाह प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिसके बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
#Daraunda #Siwan #LandDispute #RoadDispute #Administration #BiharNews #RevenueDepartment #VillageNews #Police #PublicIssue

